Vsk Jodhpur

TRENDING
TRENDING
TRENDING

हल्दीघाटी का रक्तरंजित इतिहास और अकबर सल्तनत की लगातार शिकस्त

आज से 450 वर्ष पहले 18 जून 1576  अरावली की पर्वतमालाओं के बीच स्थित हल्दीघाटी की संकरी घाटी उस दिन रणभूमि में बदल चुकी थी। एक ओर था विशाल मुगल साम्राज्य और उसकी विस्तारवादी शक्ति, तो दूसरी ओर थे महाराणा प्रताप स्वाभिमान, स्वतंत्रता और मेवाड़ की अस्मिता के प्रतीक। यह केवल एक युद्ध नहीं था, बल्कि आत्मसम्मान और अधीनता के बीच निर्णायक संघर्ष था। सीमित संसाधनों , छोटी सेना ,अदम्य साहस, और रणकौशल के बल पर  महाराणा प्रताप ने  मुगल सेना को शिकस्त दी, उसने मुगल सल्तनत की विस्तारवादी महत्वाकांक्षा पर करारी चोट के रूप में स्थापित कर दिया । आज भी राजपूत वीरता, प्रतिरोध और स्वतंत्रता चेतना का सबसे प्रेरणादायक प्रतीक माना जाता है  एक ऐसा संघर्ष जिसने यह सिद्ध कर दिया कि स्वाभिमान के लिए लड़ी गई लड़ाइयाँ केवल तलवारों से नहीं, बल्कि अदम्य इच्छाशक्ति से जीती जाती हैं।

d64dc8fc6fc5a7aac3328ab6e31232032117690301372032104
महाराणा प्रताप जी


यह युद्ध महाराणा प्रताप के नेतृत्व में मेवाड़ की सेना और मुगल सेना के बीच लड़ा गया। संख्या और संसाधनों में अत्यंत कम होने के बावजूद महाराणा प्रताप ने अद्वितीय वीरता, नेतृत्व क्षमता और युद्ध कौशल का परिचय दिया। मुगल सेना में लगभग 28,000 सैनिक बताए जाते हैं, जिनमें लगभग 16,000 घुड़सवार, 8,000 पैदल सैनिक, हाथियों की टुकड़ी तथा तोपखाना शामिल था। इसके विपरीत महाराणा प्रताप के पास लगभग 3,000–4,000 राजपूत घुड़सवार, सीमित हाथी, लगभग 3,000 भील योद्धा तथा हकीम खान सूर के नेतृत्व में अफगान सैनिकों की टुकड़ी थी। महाराणा की सेना के पास मुगलों जैसी आधुनिक तोपें और बंदूकें नहीं थीं।

img 20260616 1438357918340736510695958
जो दृढ़ राखे धर्म को, तिहि राखे करतार



युद्ध अत्यंत भीषण, रोमांचकारी और अद्वितीय साहस से परिपूर्ण था। प्रारंभिक चरण से ही मेवाड़ की सेना ने आक्रामक रणनीति अपनाई। हरावल दस्ते का नेतृत्व कर रहे हकीम खान सूर ने मुगल सेना पर इतना प्रचंड आक्रमण किया कि आरंभिक चरण में मुगल सेना लगभग सात किलोमीटर दूर मोलेला तक पीछे हटने को विवश हो गई। यह केवल सैन्य आक्रमण नहीं था, बल्कि मेवाड़ की स्वतंत्र चेतना और प्रतिरोध की उद्घोषणा थी। युद्ध के दौरान महाराणा प्रताप ने असाधारण वीरता, नेतृत्व क्षमता और रणकौशल का परिचय दिया। गोवर्धन बोगसा, जो युद्ध के समय महाराणा प्रताप के साथ उपस्थित थे, उन्होंने अपनी रचना ‘बहलोल वध’ में इस घटना का उल्लेख किया है। वर्णनों के अनुसार महाराणा प्रताप ने मुगल सेनापति बहलोल खान को एक ही वार में उसके घोड़े सहित मार गिराया, जिससे मुगल सेना में भय और भगदड़ फैल गई। यह घटना केवल शौर्य का प्रदर्शन नहीं, बल्कि युद्धभूमि में महाराणा प्रताप की निर्णायक उपस्थिति का प्रतीक बन गई।

img 20260616 1439187357702248787310041
अमर योद्धा



युद्ध अत्यंत रक्तरंजित और विनाशकारी था। मेवाड़ की सेना ने अपनी तीव्र गति, अरावली के पर्वतीय भूगोल की गहरी समझ और निकट युद्ध कौशल के आधार पर विशाल मुगल सेना को कड़ी चुनौती दी। मुगल दरबार के इतिहासकार अब्दुल कादिर बदायूंनी, जो मुगल सेना के साथ उपस्थित था, ने भी युद्ध की भयावहता और संघर्ष की तीव्रता का उल्लेख किया है। वर्णनों के अनुसार उसने लिखा कि मुगल सेना जान बचाती हुई लगभग 16 किलोमीटर दूर बनास नदी तक भागी । युद्ध के सबसे रोमांचकारी क्षणों में महाराणा प्रताप अपने प्रिय और वीर अश्व चेतक पर सवार होकर सीधे मुगल सेना के मध्य भाग में जा पहुँचे। चेतक की अद्भुत गति, निष्ठा और साहस ने उस दिन युद्धभूमि में वीरता की ऐसी अमिट गाथा लिखी, जो भारतीय इतिहास और लोकस्मृति में आज भी जीवित है।

d6hrlmru0aakg5b4417252252402009577
गुरिल्ला पद्धति में सहायक पूज्य वनवासी बंधु



हल्दीघाटी के बाद संघर्ष समाप्त नहीं हुआ, बल्कि यहीं से मेवाड़ और मुगल साम्राज्य के बीच लंबे प्रतिरोध का वास्तविक आरंभ हुआ । हल्दीघाटी में मिली हार और नुकसान से अकबर अत्यंत क्रोधित हुआ और उसने महाराणा प्रताप को अधीन करने के लिए लगातार कई प्रयास किए । 1577 से 1582 के बीच मुगलों ने बार-बार मेवाड़ पर विशाल सेनाओं के साथ आक्रमण किए। प्रत्येक वर्ष लगभग 60,000 से 100,000 सैनिकों की सेनाएँ मेवाड़ की ओर भेजी गईं  । एक अवसर पर स्वयं अकबर भी विशाल सेना लेकर बांसवाड़ा तक पहुँचा, किंतु वह महाराणा प्रताप को पराजित करने में असफल रहा । महाराणा प्रताप ने अरावली के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों, जंगलों और स्थानीय जनजातीय सहयोग के आधार पर गुरिल्ला युद्ध की रणनीति अपनाई। अरावली का भूगोल मेवाड़ की सबसे बड़ी सामरिक शक्ति बन गया। संकरी घाटियाँ, वन क्षेत्र और कठिन पर्वतीय मार्ग मुगल सेना की विशाल संरचना और भारी तोपखाने के लिए चुनौती सिद्ध हुए। भील समुदाय और स्थानीय सहयोग ने इस संघर्ष को जन-आधारित प्रतिरोध का स्वरूप प्रदान किया। यही कारण था कि संसाधनों की कमी के बावजूद मुगलों को कभी स्थायी नियंत्रण स्थापित करने में सफलता नहीं मिली।

img 20260616 143904428723371259485029



इस संघर्ष का निर्णायक मोड़ 1583 में दशहरे के अवसर पर हुए में आया, जिसे मेवाड़ के इतिहास की महानतम विजयों में माना जाता है। इस युद्ध में महाराणा प्रताप के साथ उनके पुत्र अमर सिंह प्रथम ने भी असाधारण वीरता का प्रदर्शन किया। दिवेर में मेवाड़ की सेना ने मुगल शक्ति को निर्णायक रूप से परास्त कर दिया। युद्ध के बाद मेवाड़ से मुगलों का प्रभाव लगभग समाप्त हो गया। कहा जाता है कि मुगलों की 36 चौकियाँ खाली करनी पड़ीं, हजारों सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया और शेष सेना युद्धभूमि छोड़कर भाग गई। इस विजय के बाद अकबर ने अपने जीवनकाल में पुनः मेवाड़ को जीतने का गंभीर प्रयास नहीं किया । दिवेर के युद्ध के संबंध में प्रसिद्ध है कि युद्ध के दौरान महाराणा प्रताप ने मुगल सेनापति उसके घोड़े को एक ही वार में दो भागों में विभाजित कर दिया। प्रताप के पुत्र अमर सिंह ने मुगल सेनापति सुल्तान खान (अकबर का चाचा) पर भाले का ऐसा जोरदार वार किया कि वह घोड़े सहित मारा गया । मुगल सेना को करारी हार का सामना करना पड़ा ।  यह घटना केवल उनकी शारीरिक शक्ति का प्रमाण नहीं मानी जाती, बल्कि उनके अदम्य साहस, युद्ध कौशल और स्वाधीनता के प्रति अटूट संकल्प का प्रतीक मानी जाती है।

img 20260616 1448317201169153366414312



हल्दीघाटी से दिवेर तक का संघर्ष यह सिद्ध करता है कि इतिहास में  युद्ध केवल सीमाओं के लिए नहीं लड़े जाते, बल्कि वे आने वाली पीढ़ियों की चेतना आत्मसम्मान और राष्ट्रीय स्मृति को आकार देते हैं । महाराणा प्रताप का संघर्ष इसी कारण केवल मेवाड़ का इतिहास नहीं, बल्कि भारतीय स्वाधीनता चेतना का शाश्वत प्रतीक बन गया।

  साभार :- डॉ.अर्पित शर्मा (शिक्षाविद एवं स्वतंत्र लेखक) 

सोशल शेयर बटन

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Archives
Scroll to Top