बाड़मेर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ का मामला सामने आया है। सोमवार रात एक पाकिस्तानी युवक सरूपे का तला इलाके में अशोका पोस्ट के पास से भारतीय सीमा में घुस आया। वह करीब 8 किलोमीटर अंदर तक पहुंच गया था, जहां BSF के जवानों ने उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद BSF ने आरोपी को धनाऊ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
चौहटन डीएसपी जेठाराम ने बताया कि BSF ने पाकिस्तान के मीठी शहर निवासी आवेश (26) पुत्र हजूर खान को पुलिस को सौंपा है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां भी युवक से पूछताछ करेंगी।
10 किलोमीटर क्षेत्र में चलाया सर्च अभियान
डीएसपी जेठाराम के अनुसार, जैसे ही BSF को पाकिस्तानी नागरिक के भारतीय सीमा में घुसने की सूचना मिली, जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। सूचना के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
हालांकि सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। फिर भी युवक के पास किसी संदिग्ध पदार्थ या नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। फिलहाल आरोपी को डिटेन कर गहन पूछताछ की जा रही है।
एक महीने पहले पकड़े गए थे ड्रग तस्कर
करीब एक महीने पहले, 9 अप्रैल को पाकिस्तान से लाई गई मेटाफेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) ड्रग्स को गुजरात सप्लाई करने के मामले में बाड़मेर में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया था कि पाकिस्तान का तस्कर मसात खुद तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में आया था। उसने तारबंदी से करीब 150 मीटर दूर रेत में ड्रग्स छिपाकर उसकी लोकेशन शेयर की थी। इसके बाद स्थानीय तस्कर सलमान ने वहां से करीब 5 किलो ड्रग्स रिसीव की थी। ड्रग्स मिलने की पुष्टि के लिए वीडियो भी मंगवाया गया था। इस घटना के बाद से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।