बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने सबसे बड़े और समन्वित अभियानों में से एक ‘ऑपरेशन बाम’ (Operation Baam) की शुरुआत करते हुए मंगलवार देर रात बलूचिस्तान के कई जिलों—पंजगुर, सुराब, केच और खारन—में 17 जगहों पर हमले किए। इन हमलों में पाकिस्तानी सेना के चेकपॉइंट्स, सरकारी इमारतें और संचार ढांचे को निशाना बनाया गया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इन हमलों से प्रभावित इलाकों में संचार व्यवस्था ठप हो गई और प्रशासनिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
BLF के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलूच ने बयान जारी कर इसे बलूच राष्ट्रीय मुक्ति संग्राम का ‘नया चरण’ बताया और कहा कि ऑपरेशन का मकसद पाकिस्तान को यह दिखाना है कि बलूच लड़ाके बड़े पैमाने पर, एक साथ, दूर-दराज के इलाकों में भी हमले करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान मकरान तट से लेकर कोह-ए-सुलेमान पहाड़ों तक फैला था, जिससे BLF की ऑपरेशनल पहुंच का विस्तार दिखता है।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक नुकसान और हताहतों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन स्थानीय मीडिया और सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना और फ्रंटियर कोर को भारी नुकसान हुआ है। बुधवार सुबह तक कई इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं बाधित रहीं। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने प्रभावित जिलों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
बलूचिस्तान लंबे समय से पाकिस्तान सरकार के खिलाफ असंतोष, संसाधनों के दोहन और सैन्य दमन के कारण अशांत रहा है। BLF और अन्य बलूच अलगाववादी संगठन दशकों से क्षेत्र की स्वतंत्रता और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ‘ऑपरेशन बाम’ को BLF की सैन्य शक्ति और रणनीतिक समन्वय का नया प्रदर्शन माना जा रहा है, जिससे पाकिस्तान की सुरक्षा चुनौतियां और गहरा गई हैं।
BLF ने ‘ऑपरेशन बाम’ से पाकिस्तान को झटका दिया, बलूचिस्तान में 17 ठिकानों पर हमले
-
Mayank Kansara
- 11 July 2025
- 8:50 am