पाली, 21 सितम्बर। विश्व हिंदू परिषद पाली विभाग द्वारा रविवार को अणुव्रत नगर मैदान में हिन्दू शंखनाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूरे विभाग में धर्मांतरण की गतिविधियों पर रोक, गौहत्या नियंत्रण, सामाजिक समरसता की वृद्धि तथा युवाओं में बढ़ते नशे की रोकथाम का संकल्प लेना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्रीराम दरबार के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विहिप प्रांत संगठन मंत्री राजेश जी ने स्वागत एवं कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत की।
मुख्य वक्ता साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि लंबे समय से भगवा को बदनाम करने वाली शक्तियाँ विदेशी षड्यंत्रकारियों के इशारे पर सक्रिय रही हैं, किन्तु न्यायालय ने उनकी साजिशों को असफल कर दिया। उन्होंने कहा, “भगवा न कभी आतंकवादी था और न कभी होगा। अब हिन्दू समाज पूर्णतः जागृत हो चुका है।”
साध्वी समाहिता दीदी ने बहन-बेटियों को लव जिहाद जैसी गतिविधियों से सावधान रहने और उनका सामना करने हेतु स्वयं को तैयार रहने का संदेश दिया। वहीं, जैन संत कमलप्रभसागर म.सा. ने जनसंख्या असंतुलन पर सजग रहने का आह्वान किया।

बजरंग दल राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया ने युवाओं में बढ़ते नशे की रोकथाम हेतु राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यदि युवा शक्ति कमजोर होती है तो राष्ट्र और धर्म दोनों ही कमजोर हो जाते हैं। “हमें इस नशे के चक्रव्यूह को तोड़कर नए भारत के निर्माण के लिए संकल्पित रहना होगा।”
विहिप केंद्रीय सह मंत्री शंकर गायकर ने समाज में समरसता को आज की प्रमुख आवश्यकता बताते हुए कहा कि इसका शंखनाद गाँव-गाँव तक पहुँचना चाहिए।
इस अवसर पर क्षेत्र संगठन मंत्री राजाराम और बजरंग दल राष्ट्रीय सह संयोजक किशन प्रजापत ने भी विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा उद्योगपति एवं सेलो ग्रुप के चेयरपर्सन प्रदीप राठौड़ ने की। उन्होंने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए शुभकामनाएँ दीं।

इस विराट आयोजन में पाली जिले के 75 से अधिक मत-पंथ-सम्प्रदायों के संतों, दानदाताओं, संघ विचार परिवार के कार्यकर्ताओं, समाज के विशिष्ट जनों, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के पदाधिकारियों तथा पूरे विभाग के 940 गाँवों से आए हजारों स्त्री-पुरुषों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में संतों के आह्वान पर सभी उपस्थित जनों ने हिन्दू रक्षा का संकल्प लिया।