जोधपुर, 4 सितम्बर 2025। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित संगठनों की अखिल भारतीय समन्वय बैठक 5 से 7 सितम्बर तक जोधपुर के लालसागर में आयोजित होगी। इस बैठक की जानकारी अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख श्री सुनील आम्बेकर ने प्रेस ब्रीफिंग में दी।
उन्होंने बताया कि बैठक में संघ से प्रेरणा लेकर कार्य कर रहे 32 संगठनों के पदाधिकारी तथा महिला कार्यों का समन्वय देखने वाली कार्यकर्ता सम्मिलित होंगी। कुल मिलाकर 320 कार्यकर्ता, जिनमें 249 संगठन पदाधिकारी भी शामिल हैं, इस महत्त्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे।
बैठक में परम पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। साथ ही सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले, सहसरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, अतुल लिमये और आलोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर विभिन्न संगठनों का वार्षिक कार्यवृत्त प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें वर्षभर की उपलब्धियों और अनुभवों का विवरण रहेगा। इनमें विशेष रूप से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ, विद्या भारती और सक्षम (दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत) संगठनों की भूमिका पर चर्चा होगी।
बैठक के दौरान पंजाब, बंगाल, असम और पूर्वोत्तर के जनजातीय इलाकों की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही पंच परिवर्तन – सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण अनुकूल जीवन, स्वर आधारित रचना और नागरिक कर्तव्य पालन – पर भी गहन चर्चा होगी।
श्री आम्बेकर ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर संगठनों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा तथा शिक्षा क्षेत्र में नई दिशा तय करने पर विचार होगा। साथ ही जनजातीय समाज में हो रहे सकारात्मक बदलावों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों की समीक्षा भी की जाएगी।
बैठक में आगामी शताब्दी वर्ष (2025-26) की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी। 2 अक्टूबर 2025, विजयादशमी के दिन नागपुर से आरंभ होकर मंडल, ग्राम और बस्ती स्तर तक स्वयंसेवकों द्वारा गणवेश में उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर देशभर में हिंदू सम्मेलन, गृह सम्पर्क, सद्भाव बैठकों, प्रमुख नागरिक गोष्ठियों और युवा कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है।
उल्लेखनीय है कि यह बैठक निर्णय लेने का मंच नहीं होती, बल्कि संगठनों के बीच चर्चा, अनुभवों के आदान-प्रदान और समन्वय का माध्यम होती है। यहां प्राप्त विचारों और प्रेरणा के आधार पर प्रत्येक संगठन अपने स्तर पर आगे की दिशा तय करता है।
हाल ही में दिल्ली में सम्पन्न सरसंघचालक जी के कार्यक्रम की पृष्ठभूमि में यह बैठक संघ और उससे प्रेरित संगठनों के कार्यों को नई गति देने तथा समाज के सभी वर्गों तक विचार पहुंचाने का एक महत्त्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
 
								 
											 
		
		
		 
		
		
		 
		
		
		 
		
		
		 
		
		
	 
		
		
	 
		
		
	 
		
		
	 
		
		
	 
		
		
	 
		
		
	 
		
		
	 
		
		
	 
		
		
	 
														 
														 
														 
														 
														