

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांतीय प्रचारक विजय कुमार ने कहा कि भारत सभी धर्मों की भूमि है। इसमें विविध प्रकार की बोलियां एवं विविध प्रकार की संस्कृतियों का वास है, लेकिन पिछले कुछ समय से हिंदू संस्कृति का विघटन हो रहा है। इसको बचाने एवं मजबूत बनाने के लिए संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित होना पड़ेगा। प्रांतीय प्रचारक रविवार को श्री हनुमंत शक्ति जागरण समिति के तत्वावधान में आयोजित महायज्ञ के बाद धर्मसभा को संबोधित कर रहे थे।
प्रांतीय प्रचारक ने कहा कि हिंदू धर्म हमेशा विश्व कल्याण की बात करता है। हिंदू धर्म हमेशा विश्व कल्याण को सर्वोपरि मानता है, बाकी बातों को गौण मानता है। उन्होंने ने राम मंदिर के मसले पर चर्चा करते हुए केंद्र सरकार एवं राजनेताओं पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि इस देश में राम जन्म के प्रमाण मांगे जाते हैं तथा हिंदुओं को आंतकवादी कहा जा रहा है। उन्होंने हिंदुओं को संगठित होने का आह्वान करते हुए कहा कि आवश्यकता पडऩे पर मातृभूमि के लिए बलिदान को तत्पर रहें। विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय संयोजक अमृत परमार ने
धर्म सभा को संबोधित करते हुए हनुमंत शक्ति जागरण समिति द्वारा बाली क्षेत्र सहित विभिन्न गांवों में पिछले दिनों आयोजित महायज्ञ एवं अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी। धर्मसभा को संत मोहननाथ कृपलानी, पूनमनाथ, लक्ष्मण भारती, सोमनाथ सहित चेना महाराजने भी संबोधित किया। जागरण समिति की ओर से आयोजित महायज्ञ एवं धर्मसभा में भाग लेने आए संतों का स्वागत किया गया।
५१ जोड़ों ने दी आहुतियां
कस्बे के किला मैदान में आयोजित महायज्ञ में ५१ पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार से ५१ हवन कुंडों पर कई जोड़ों को आहुतियां दिलवाईं। इस दौरान राम मंदिर जल्द से जल्द बनाने के लिए हनुमंत को जागृत किया।
आंशिक रूप से बंद रहा कस्बा
जागरण समिति के द्वारा रविवार को धर्मसभा एवं महायज्ञ को लेकर शनिवार को ही बाली बंद का आह्वान कर दिया गया था, जिस पर रविवार को कस्बे के कई प्रतिष्ठान बंद मिले तो कहीं खुले भी नजर आए।
नागौर। विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मंत्री उमाशंकर ने कहा है कि केन्द्र सरकार धर्मनिरपेक्षता की आड़ में हिन्दू एवं संत समाज को “भगवा आतंकवाद” से जोड़कर बदनाम करने की साजिश रच रही है।
यहां कांकरिया स्कूल मैदान में रविवार सुबह हनुमत शक्ति जागरण समिति के तत्वावधान में आयोजित 108 कुण्डीय महायज्ञ एवं धर्मसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में एक लाख से अधिक स्थानों पर इसी प्रकार से जनजागरण के कार्यक्रम आयोजित हुए हैं।
सम्पूर्ण हिन्दू जन-मानस के रोम-रोम में बसे भगवान राम का मंदिर शीघ्र बने यह हिन्दू समाज का संकल्प है।
धर्मसभा में संत कृपाराम ने आह्वान किया हमें अपनी सोई चेतना को जगाकर लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार करना है।उन्होंने केन्द्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश व सर्व पंथ समाज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छवि एक देशभक्त सेवाभावी संगठन की है। उसे बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
दीपावली के पावन पर्व पर झूठे आरोपों के आधार पर शंकराचार्य को गिरफ्तार करना,संसद हमले के आरोपी अफजल गुरू की फांसी टालना, संत समाज के प्रति अनास्था का निर्माण करना यह सिद्ध करता है कि केन्द्र सरकार हिन्दू समाज की हितैषी नहीं है।
इससे पूर्व समिति अध्यक्ष भोजराम सारस्वत ने दीप प्रच्च्वलित कर गायत्री परिवार के बालकिशन, जुगल एवं श्रीराम के निर्देशन में मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ कर्म को पूर्ण किया। मंच पर संयोजक पुखराज सांखला, संत जानकीदास, संत राजाराम भी उपस्थित थे।संचालन मनीष शर्मा ने किया।
यज्ञ में दी आहुतियां
श्रीराम जन्म भूमि पर शीघ्र मंदिर निर्माण का संकल्प लिए रविवार सुबह कांकरिया स्कूल मैदान में 146 जोड़ों ने 108 कुण्डीय यज्ञ में आहुतियां दी। मंत्रोच्चार की ध्वनि के बीच सर्दी का कहर भी आस्था को नहीं डगमगा सका। यज्ञ में 60 गांवों के 86 जोड़े भी शामिल हुए।


