खबरे समाचारपत्रों से
संघ प्रमुखकी सीख सायंकालीन शाखा में की स्वयंसेवकों से बात, तीन दोस्तों की कहानी सुनाकर सिखाया पाठ
कड़ी सुरक्षा में संघ प्रमुख अजमेर पहुंचे : सर संघचालक भागवत मंगलवार को सुबह हरिद्वार-अहमदाबाद मेल से अजमेर पहुंचे। स्टेशन पर संघ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। भागवत पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के बीच धौलाभाटा स्थित पूर्व नगर कार्यवाह नंदलाल के निवास पर पहुंचे। इस दौरान संघ के क्षेत्रीय प्रचारक दुर्गादास, चित्तौड़ प्रांत के सह प्रचारक मुरली, हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय संयोजक सुभाष गहलोत, महानगर कार्यकारिणी के पदाधिकारी जगदीश राणा सहित महानगर कार्यकारणी के अन्य सदस्य मौजूद थे। भागवत के साथ छह वरिष्ठ पदाधिकारी भी आए हैं। दोपहर बाद भागवत संघ द्वारा संचालित शहीद अविनाश माहेश्वरी विद्यालय पहुंचे। इसी विद्यालय में भागवत पांच दिन तक संघ के विभिन्न संगठनों की बैठकें लेंगे।
अजमेर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहनराव भागवत मंगलवार सुबह अजमेर पहुंचे। भगवान गंज स्थित शहीद अविनाश माहेश्वरी विद्यालय में मंगलवार से ही पांच दिवसीय संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू हो गया।
हरिद्वार-अहमदाबाद मेल से संघ प्रमुख भागवत सुबह पहुंचे। रेलवे स्टेशन से वे पुलिस और संघ की सुरक्षा व्यवस्था के बीच धौलाभाटा स्थित स्वयं सेवक के निवास पर पहुंचे। जहां उनका पांच दिन रहने का कार्यक्रम है।
नित्यकर्म और विश्राम के बाद भागवत दोपहर सवा तीन बजे अविनाश माहेश्वरी विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में क्षेत्रीय प्रचारक दुर्गादास, क्षेत्रीय कार्यवाह हनुमान सिंह और क्षेत्रीय संघ चालक के साथ राजस्थान में संघ के स्वयं सेवकों, संघ की गतिविधियों और संघ के विविध क्षेत्र के संगठनों की स्थिति पर चर्चा की। निवास स्थल पर उन्होंने क्षेत्रीय प्रचारक दुर्गादास, प्रांत प्रचारक गजेन्द्र कुमार और विद्यार्थी प्रमुख विश्वजीत आदि से बातचीत की। स्टेशन पर विभाग प्रचारक मुरली, जगदीश राणा आदि भी मौजूद थे।
स्वयं सेवक के घर रहेंगे
भागवत अजमेर प्रवास के दौरान स्वयं सेवक भारत भूषण राजोरिया के धौलाभाटा स्थित निवास पर रहेंगे। भारत भूषण के पिता नंदलाल राजोरिया भी वरिष्ठ स्वयं सेवक रहे हैं।
मीडिया को नहीं प्रवेश की अनुमति
आरएसएस के सरसंघ चालक के पांच दिवसीय अजमेर प्रवास के दौरान संघ ने मीडिया से दूरी बनाए रखने का निर्णय किया है। एक से पांच फरवरी तक अविनाश माहेश्वरी स्कूल में चलने वाली बैठकों में पत्रकारों और फोटो जर्नलिस्ट को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। संघ ने फिलहाल तय किया है कि पांच फरवरी को आजाद पार्क में होने वाले सार्वजनिक संबोधन कार्यक्रम में भी मीडिया को प्रवेश नहीं दिया जाए।
संघ सेना मुस्तैद!
सरसंघ चालक की सुरक्षा व्यवस्था में यहां मुस्तैद हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ता “संघ सेना” के जवान नजर आए। मंच के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को स्वेटर और टोपी गणवेश के रूप में वितरित किए गए हैं। यह गणवेश भारतीय सेना की वर्दी से मिलती-जुलती नजर आती है। भागवत के निवास स्थल और आयोजन स्थल पर भी सुभाष गहलोत के नेतृत्व में “संघ सेना” के जवान ही तैनात हैं। भागवत को स्टेशन से भी इसी “संघ सेना” के जवान सुरक्षा घेरे के लेकर आए।
पुलिस का पहरा
भागवत की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर कुमार सिंह, अलवर गेट थाना प्रभारी गुमानाराम और सीआईडी के अधिकारियों ने निवास स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके निवास स्थल के बाहर और छत पर चौबीस घंटे पुलिस के हथियारबंद सुरक्षा जवान तैनात रहेंगे।