Vsk Jodhpur

अयोध्या फार्मूले का भारी विरोध

अयोध्या फार्मूले का भारी विरोध

Oct 14, 09:23 pm
अयोध्या [जागरण संवाददाता]। हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति
पलोक बसु के अयोध्या फार्मूले का भारी विरोध हुआ है। अधिगृहीत परिसर में ही
मंदिर-मस्जिद के एक साथ निर्माण का प्रस्ताव विहिप समर्थित धर्माचार्यो को
मंजूर नहीं है। श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने
कहा कि अयोध्या के कुछ लोगों का प्रस्ताव स्वीकार नहीं है। यहां की
अधिसंख्य जनता अधिगृहीत परिसर में मस्जिद निर्माण कतई नहीं चाहती।

नृत्यगोपाल दास ने कहा कि अधिगृहीत परिसर की एक-एक इंच भूमि हिंदुओं की
है। किसी व्यक्ति या संगठन की नहीं, जिसे उपहार के रूप में किसी को सौंप
दिया जाए। देश के सभी हिंदुओं एवं विहिप के केंद्रीय मार्गदशक मंडल के
सदस्यों का मत है कि श्रीरामजन्मभूमि स्थान पर भव्य राम मंदिर बने और
मस्जिद पंचकोसी शास्त्रीय सीमा के बाहर हो।

न्यास के वरिष्ठ सदस्य डॉ. रामविलास दास वेदांती ने कहा कि अयोध्या में
मंदिर-मस्जिद के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों का उन्हीं की भाषा में
जवाब दिया जाएगा। श्रीरामवल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने कहा कि
अयोध्या की पंचकोसी शास्त्रीय सीमा के भीतर मस्जिद निर्माण किसी सूरत में
उचित नहीं होगा। मुस्लिम समुदाय को हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान कर अपना
हठ त्याग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति पलोक बसु द्वारा अयोध्या
विवाद के समाधान के प्रयास में अयोध्या के गिनती के लोग हैं। वे ऐसे लोग
हैं जो न तो यहां की जनता और न ही संतों का प्रतिनिधित्व करते हैं। विहिप
के केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम नारायण सिंह, भाजपा नेता महंत मनमोहन दास,
सहस्रधारा मंदिर के महंत अशोक दास, हनुमान टेकरी के महंत प्रियाशरण,
पंचमुखी हनुमान गुजराती मंदिर के महंत कमला दास व्यास, हनुमत किला गहोई
मंदिर के पुजारी रामलखन शरण गहोई आदि ने अधिगृहीत परिसर में मस्जिद निर्माण
के प्रयासों को शांति-व्यवस्था के साथ बड़ा षड्यंत्र बताया है।

मालूम हो कि विराजमान रामलला के स्थल अर्थात गर्भगृह में राममंदिर
निर्माण करने व अधिगृहीत परिसर में युसुफ आरामशीन के पास मस्जिद निर्माण का
प्रस्ताव तैयार किया गया है। विवाद के समाधान के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट
के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति पलोक बसु के संरक्षकत्व में दो वर्षो से इस
पर मुहिम चल रही है।
source: http://in.jagran.yahoo.com/news/national/general/Ayodhya-formula-protests_5_1_9756895.html

सोशल शेयर बटन

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Archives

Recent Stories

Scroll to Top